हरियाणा में स्थापित होंगे 150 अंत्योदय भवन, छह जिलों से होगी शुरुआत

राजनीति राज्य हरियाणा

अंबाला शहर। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेशभर में 150 अंत्योदय भवन स्थापित किए जाएंगे। इसके पहले चरण में 14 अप्रैल को छह जिलों से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद सभी जिलों में लगभग 150 ऐसे भवन स्थापित होंगे। वहीं हर माह एक और सुधार कार्यक्रम के तहत सरकार शिव धाम योजना के तहत प्रदेश के सभी श्मशान घाट और कब्रिस्तानों का सुधार कराएगी। मुख्यमंत्री ने शहर में 18 करोड़ रुपये से बनने वाले बहुमंजिला बस अड्डे के शिलान्यास के बाद उक्त बातें कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण की 300 से अधिक योजनाएं ऐसी हैं, जो कि अनुसूचित जाति, बेरोजगार, किसान, युवा वर्ग, मजदूर, महिलाएं इत्यादि वर्गों के लिए चल रही हैं। इन सभी की जानकारी व लाभ अब इन्हीं अंत्योदय भवनों में मिलेगी। मनोहर लाल ने कहा कि देश के 20 राज्यों में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित पार्टियों की सरकारें हैं। आने वाली 8 अप्रैल को कर्नाटक में भी कमल खिल जाएगा।

ई-गवर्नेंस से खत्म होगी दलाली 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से बिचौलिया व दलाल सिस्टम को खत्म किया गया है। ई- पंचायत भी इसी का एक हिस्सा है। यह शुरू होते ही पंचायतों से भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। सीएम ने स्पष्ट किया कि शुरुआत में कुछ दिक्कतें आती हैं लेकिन उनका समाधान भी होता है।

800 नई बसें चलेगी और 930 परिचालकों की भर्ती जल्द : पंवार

मुख्यमंत्री द्वारा शहर बस अड्डे के शिलान्यास के बाद  परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में रोडवेज के बेड़े में इस साल 800 नई बसें शामिल की जाएंगी। इनमें 350 बसें सामान्य, जबकि 150 सिटी बसें होंगी। इसके अलावा 150 बसें वोल्वो और सामान्य बसों के बीच की होंगी, जो कि पूर्णत एसी होंगी। साथ ही 150 नई वोल्वो भी चलाई जाएंगी।

परिवहन मंत्री ने कहा कि इस समय प्रदेश में 4100 बसें चल रही हैं। इस साल करीब 350 सामान्य बसें रोडवेज बेड़े में शामिल की जाएंगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 2038 चालकों की भर्ती की है, जिसमें से 1734 ने ज्वाइन कर लिया है। इसके अलावा 930 परिचालकों तथा तकनीकी स्टाफ की भर्ती भी जल्द की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *