आज तो भगवा रंग में रंगा कांग्रेस का गढ़ रायबरेली, बसों का रूट भी बदला

उत्तर प्रदेश राजनीति राज्य

रायबरेली । भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रायबरेली में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। आयोजकों का दावा है कि यहां पर आज करीब एक लाख लोग भाजपा अध्यक्ष के साथ ही मुख्यमंत्री को सुनने के लिए जुटेंगे।

इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, नंद गोपाल नंदी के साथ राज्य मंत्री महेंद्र सिंह और स्वाति सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। केंद्र सरकार के दो मंत्री भी आएंगे। संगठन से वहीं राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी भी आएंगे।

संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पर आज भगवा रंग चढ़ गया है। हर तरफ भगवा रंग के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे हैं। रायबरेली में राजकीय इंटर कालेज के मैदान तक सड़क के साथ ही हर व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जिला प्रशासन कई दिन से लगा था। यहां पर हर व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने को जिला प्रशासन दिनरात एक कर दिया था। शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। सड़कों की पैचिंग व पेंटिंग का काम कल रात तक चलता रहा। रूट डायवर्जन के साथ ही गाडिय़ों की पार्किंग के लिए स्थान नियत कर दिए गए हैं। जीआइसी ग्राउंड को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।

नौ मंत्री और दर्जनभर से ज्यादा वरिष्ठ नेता जुटेंगे

कार्यक्रम में केंद्र सरकार के दो मंत्री, प्रदेश सरकार के सात मंत्री, राष्ट्रीय कार्यकारिणी व प्रदेश कार्यकारिणी के कई बड़े नेताओं के आगमन की सूचना है। पुलिस हो या प्रशासन, सभी की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। येन केन प्रकारेण सामने दिखने वाली हर समस्या को ढकने की कोशिश की जा रही है, फिर चाहे सड़कों की पैङ्क्षचग हो, यातायात की समस्या हो या फिर पार्किंग की।

एक हजार बस तथा 22 सौ चार पहिया वाहन 

भाजपा अध्यक्ष की सभा में भीड़ जुटाने के लिए रायबरेली, प्रतापगढ़, बाराबंकी और फतेहपुर से एक हजार बसों की व्यवस्था की गई। संगठन से 2245 बूथों में से प्रत्येक पर एक चार पहिया गाड़ी मुहैया करायी जाएगी। इन वाहनों के जरिए एक लाख लोगों को यहां लाने की तैयारी है। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की हो, इसके लिए यहां पर भाजपाइयों ने पूरी ताकत झोंक दी है।

सिर्फ फ्लीट के वक्त रोका जाएगा यातायात

रायबरेली में आज आवागमन सामान्य रहेगा। सिर्फ जब मंत्रियों का काफिला गुजरेगा उस वक्त ही ट्रैफिक रोका जाएगा। रोडवेज बसों के लिए भी रूट बदला गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सीएम आदित्यनाथ पुलिस लाइंस से डीएम आवास होते हुए जिला अस्पताल चौराहे से जीआइसी ग्राउंड पहुंचेंगे। अन्य मंत्रियों को सिविल लाइंस से डिग्री कालेज चौराहा होते हुए कैनाल रोड से डीएम आवास फिर जिला अस्पताल से ग्राउंड पहुंचाया जाएगा। इन्हीं रास्तों से फ्लीट की वापसी भी होगी। छोटे वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहेगा। सिर्फ जब काफिला गुजरेगा, उसी वक्त वाहनों को रोका जाएगा।

बसों का रूट भी बदला

रोडवेज बसों का भी रूट डायवर्जन किया गया है। लखनऊ व महराजगंज से रायबरेली आने वाली बसों को त्रिपुला चौराहा, जगदीशपुर से रायबरेली आने वाली बसों को रतापुर चौराहा, सुल्तानपुर से आने वाली बसों को सारस होटल चौराहा, प्रतापगढ़ और डलमऊ से आने वाली बसों को सिविल लाइंस चौराहा, लालगंज या कानपुर से आने वाली बसों को राजघाट पर रोक दिया जाएगा। सुबह आठ बजे से अपरान्ह चार बजे तक रोडवेज बसों को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *