मार्च में मई की गर्मी, उत्तर भारत में 40 के पार पहुंचा पारा, हिमाचल में लू की स्थिति

देश

नई दिल्ली । अभी मार्च बीतने में तीन दिन हैं, लेकिन गर्मी ने तेवर दिखा दिए हैं। बुधवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। हरियाणा के गुरग्राम, दिल्ली के पालम में और राजस्थान के जैसलमेर में गर्मी ने मार्च में अपना रंग दिखा दिया है। हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया है। इस तरह वहां लू की नौबत आ गई है। पहाड़ी इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से ज्यादा पहुंच जाता है तो लू की स्थिति हो जाती है।

दिल्ली में आठ साल का रिकॉर्ड टूटा

एक दशक में दूसरी बार मार्च में दिल्ली वालों को इतनी अधिक गर्मी से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को पालम में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व पालम का तापमान 27 मार्च 2010 को 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

ऊना में पारा 36 डिग्री

हिमाचल के ऊना जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। ऊना में पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान रहा। प्रदेश में पहली अप्रैल तक गर्मी बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश में लू चल सकती है।

राजस्थान में मार्च में ही मई-जून

बुधवार को लगातार दूसरे दिन राजस्थान के कई शहरों का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले वर्ष तक 40 डिग्री तापमान मई और जून में होता था। जयपुर का तापमान 38 डिग्री, जैसलमेर का 41, जोधपुर का 39.2, चुरू में 38.5, कोटा में 40, बाड़मेर में 40, बीकानेर में 40, भरतपुर में 37 व पाली में 37.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

तपने लगा गुरग्राम

हरियाणा में सबसे अधिक तापमान गुरग्राम का रहा। गुरग्राम का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *