भारत ने पाक को दिया करारा जवाब, ढेर किए दो पाकिस्तानी सैनिक, कई बंकर तबाह

देश

जम्मू/राजौरी । जम्मू जिले के अखनूर के केरी सेक्टर में भारतीय सेना ने दो पाकिस्तान सैनिकों को ढेर कर अपने दो जवानों की शहादत का बदला ले लिया। इस दौरान सेना ने पाक की दो चौकियां भी तबाह कर दी हैं। गोलाबारी में एक भारतीय जवान जख्मी हो गया। वहीं, राजौरी के उप जिला नौशहरा के लाम सेक्टर में पाक गोलाबारी में सेना का एक जवान घायल हुआ है।

जोगमा बट्टल इलाके में भारतीय चौकी नत्थू पोस्ट पर मंगलवार को गोलाबारी कर आठ जैकलाई के दो जवानों को शहीद करने वाले पाकिस्तान ने बुधवार रात फिर गोले दागना शुरू कर दिए। गुरुवार सुबह साढ़े चार बजे तक जारी रही गोलाबारी का भारत ने भी कड़ा जवाब दिया। गुरुवार शाम साढ़े चारे बजे के करीब पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण से सटे जोगमा बट्टल की ललयाली पोस्ट पर फिर गोलाबारी शुरू हो गई। गोलाबारी में सेना की आठ जैकलाई के जवान लांस नायक साहिल सिंह के घायल होने की सूचना है। उसे शाम को सेना के हेलीकॉप्टर से मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार साहिल सेना की 61 आरआर का जवान है, जो इस समय जैकलाई के साथ अटैच है।

सीमा पार दिखाई दी एंबुलेंस

पाक की ओर से की जा रही गोलीबारी का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। सेना ने पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ है। ललयाली पोस्ट पर गोले दाग रही दो पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया। दो पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की सूचना है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तानी इलाके में एंबुलेंस को घायलों को ले जाता देखा गया है। अखनूर में नियंत्रण रेखा से सटे अंतरराष्ट्रीय इलाके में सीमा सुरक्षा बल किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि अप्रैल में अब तक राज्य में आतंकी मुठभेड़ों व सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी का सामना करते हुए आठ जवान शहीद हो चुके हैं। इनमें से चार ने जम्मू संभाग में देश की खातिर जान दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *