गोपाल राय बोले, रघुवर सरकार को दिल्ली सरकार से सीख लेनी चाहिए

झारखण्ड राजनीति राज्य

रांची । आम आदमी पार्टी (आप) झारखंड में भी अपने संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है। प्रदेश कमेटी के गठन के बाद अब पंचायत स्तर तक संगठन को फैलाने की कोशिश हो रही है। इसी के तहत रांची पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद से वर्तमान रघुवर सरकार सबसे निकम्मी सरकार है। इस सरकार में आंदोलन करने वालों को लाठियां मिलती हैं। राज्य में मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग परेशान हैं। लोगों को अब इस बात का अफसोस हो रहा है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को क्यों वोट दिया।

उन्होंने कहा कि कुर्बानी देकर राज्य का निर्माण हुआ। अब तक जितनी भी सरकारें बनी, सभी ने राज्य को सिर्फ लूटा है। यहां के खनिजों को लूटने के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। रघुवर सरकार को दिल्ली सरकार से सीख लेनी चाहिए। वहां कई व्यवधान होने के बाद भी बिजली सबसे सस्ती है। पानी, शिक्षा और चिकित्सा के लिए दिल्ली सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

बूथ स्तर पर होगा संगठन का विस्तार: संजीव झा

आप के विधायक सह झारखंड प्रभारी संजीव झा ने कहा कि पार्टी 2019 के चुनाव को लेकर अभी से तैयारी में जुट गई है। पार्टी पंचायत से लेकर बूथ लेवल तक अपना विस्तार करेगी। सरकार ने साजिश के तहत उन्हें निकाय चुनाव से बाहर रखा है। राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल है। इन मुद्दों पर शोध के लिए प्रोफेशनल्स फॉर आप नाम से एक ग्रुप बनाया गया है। जिसमें चिकित्सक, वकील, बैंकर्स सहित समाजसेवी जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *