भारत का मुस्लिम समाज अच्छी तरह जानता है कि आतंकवाद इंसानियत ही नहीं इस्लाम का भी सबसे बड़ा दुश्मन है-मुख्तार अब्बास नक़वी

Latest Article देश महाराष्ट्र

मुंबई के हज हाउस में पुनर्निर्मित हॉल का उद्धघाटन

मुंबई,- केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारत की पंथनिरपेक्षता की मजबूत नींव बहुसंख्यक हिन्दू समुदाय के “सहिष्णुता के संस्कार” से तैयार हुई है।

मुंबई के हज हाउस में पुनर्निर्मित हॉल का उद्घाटन करते हुए  नकवी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा पंथनिरपेक्ष-लोकतान्त्रिक देश इसलिए है कि बंटवारे के बाद पाकिस्तान इस्लामिक राष्ट्र बन रहा था तब हिंदुस्तान के बहुसंख्यक हिन्दू समाज ने पंथनिरपेक्षता का रास्ता चुना। अलग-अलग भाषा, आस्था, खान-पान, रहन-सहन के बावजूद भी भारत की इसी संस्कृति और संस्कार ने हमें एकता की मजबूत डोर से बांध रखा है। आज भारत में अल्पसंख्यक पूरी तरह से अपने धार्मिक-सामाजिक सरोकार की स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

श्री नकवी ने कहा कि भारत के इसी एकता और सौहार्द की साझा संस्कृति ने आतंकवाद और इंसानियत के अन्य दुश्मनों को परास्त किया है और देश में अलकायदा और आईएस जैसी शैतानी ताकतों की जड़ों को जमने नहीं दिया। भारत का मुस्लिम समाज अच्छी तरह जानता है कि आतंकवाद इंसानियत ही नहीं इस्लाम का भी सबसे बड़ा दुश्मन है।

श्री नकवी ने कहा कि हमें पूरी तरह से सतर्क रहना चाहिए कि कोई भी नकारात्मक एजेंडा, विकास और सौहार्द के माहौल को ख़राब ना करने पाए। पंथनिरपेक्षता और लोकतंत्र को हमें सकारात्मक ताकत बनाना होगा, नकारात्मक कमजोरी नहीं।

श्री नकवी ने कहा कि वर्ष 2019 में 2 लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के हज यात्रा करेंगे, हमारी ईमानदार-पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है कि सब्सिडी ख़त्म होने के बाद भी हज यात्रियों पर गैर जरुरी बोझ नहीं पड़ने पाया और देश के इतिहास में सबसे ज्यादा भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज यात्रा पर जायेंगे।

श्री नकवी ने कहा कि देश भर के 21 हवाई अड्डों से 500 से ज्यादा फ्लाइटों के जरिये भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज पर जायेंगे। इन हज यात्रियों में 1 लाख 40 हजार हज यात्री हज कमिटी ऑफ इंडिया और 60 हजार हज यात्री हज ग्रुप ऑर्गनाइजर (एचजीओ) के जरिये हज पर जायेंगे। हज समूह आयोजकों को भी 10 हजार हज यात्रियों को हज कमिटी ऑफ इंडिया के निर्धारित पैकेज पर ही ले जाना होगा।

श्री नकवी ने कहा कि इस बार पारदर्शिता और हज यात्रियों की सहूलियत के लिए हज समूह आयोजकों का भी पोर्टल http://haj.nic.in/pto/ (Portal For Haj Group Organisers) बनाया गया है जिसमे सभी अधिकृत एचजीओ के पैकेज आदि सभी जानकारी दी गई हैं।

श्री नकवी ने कहा कि इस वर्ष बिना मेहरम (पुरुष रिश्तेदार) के हज यात्रा पर जाने वाली महिलाओं की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी होगी। इस वर्ष 2340 महिलाएं बिना मेहरम के हज पर जा रही हैं जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1180 थी। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिना मेहरम के हज पर जाने के लिए आवेदन करने वाली इन सभी महिलाओं को बिना लाटरी के हज यात्रा पर जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त भारत से जाने वाले 2 लाख हज यात्रियों में लगभग 48 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।

हज के लिए फ्लाइट्स 04 जुलाई 2019 से शुरू हो रही हैं। 04 जुलाई को दिल्ली, गया, गुवाहाटी, श्रीनगर से फ्लाइट्स जाना शुरू होंगी। बंगलुरु (07 जुलाई), कालीकट (07 जुलाई), कोचीन (14 जुलाई), गोवा (13 जुलाई), मंगलोर (17 जुलाई), मुंबई (14 जुलाई, 21 जुलाई), श्रीनगर (21 जुलाई) से हज यात्री रवाना होंगे। दूसरे चरण में अहमदाबाद (20 जुलाई), औरंगाबाद (22 जुलाई), भोपाल (21 जुलाई), चेन्नई (31 जुलाई), हैदराबाद (26 जुलाई), जयपुर (20 जुलाई), कोलकाता (25 जुलाई), लखनऊ (20 जुलाई), नागपुर (25 जुलाई), रांची (21 जुलाई) और वाराणसी (29 जुलाई) को हज यात्री जाना शुरू होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *